पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर में बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। चक्रधरपुर नगर परिषद की ओर से एनएच-75ई के दोनों ओर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया।
अभियान के दौरान नगर परिषद के नगर प्रबंधक, परिषद कर्मी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे लगाए गए कई अस्थायी ढांचों को हटाया और लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी।

कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया। महिलाओं का कहना था कि नगर परिषद की ओर से दुकानदारों से नियमित रूप से टैक्स और शुल्क की वसूली की जाती है, इसके बावजूद दुकानों को हटाया जा रहा है। इसे लेकर महिलाओं और अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
नगर परिषद की टीम ने अभियान के दौरान दुकानदारों से निर्धारित जगहों पर दुकान लगाने की अपील की। प्रशासन ने यह भी कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी नियमित अभियान जारी रहेगा।

अभियान के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








