जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर सख्त कदम उठाया है। कार्य निष्पादन असंतोषजनक पाए जाने पर दो प्रखंड समन्वयकों की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई है।
जिला चयन समिति द्वारा योजना की प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति, कार्य निष्पादन और क्षेत्रीय कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा में डुमरिया प्रखंड के समन्वयक साजल कुमार खान और गुड़ाबांदा प्रखंड के समन्वयक धर्मेन्द्र प्रसाद का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर से कम पाया गया।
इस पर जिला चयन समिति की अनुशंसा के बाद दोनों की संविदा समाप्त करने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि योजना के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।









