जमशेदपुर: बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने शनिवार को जमशेदपुर के एग्रिको गोलचक्कर में चौथे चरण का जन-आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संयोजक अभिषेक कुमार ने किया, जबकि वरिष्ठ नेता रईस अफरीदी के संरक्षण में प्रदर्शन संपन्न हुआ।
प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपने वाहनों को धक्का मारते हुए एग्रिको गोलचक्कर से भालूबासा चौक तक मार्च निकाला और केंद्र सरकार की नीतियों तथा बढ़ती ईंधन कीमतों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में प्रदेश बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष शालिग्राम मिश्रा, प्रदेश समन्वय समिति सदस्य शम्भु सिंह और अधिवक्ता विनीता मिश्रा भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारी सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
जिला संयोजक अभिषेक कुमार ने कहा कि सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी की कीमतों में कमी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की और ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने की मांग उठाई। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
