गिरिडीह के तुरुकडीहा में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने तीन मासूम बेटियों का गला रेतकर की हत्या, गिरफ्तार

गिरिडीह के तुरुकडीहा में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने तीन मासूम बेटियों का गला रेतकर की हत्या, गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

गिरिडीह: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

मृत बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय पलवी कुमारी, 7 वर्षीय रिद्धि कुमारी और 7 वर्षीय सिद्धि कुमारी के रूप में हुई है। तीनों आरोपी नंदकिशोर यादव की बेटियां थीं। बताया जा रहा है कि वारदात देर रात अंजाम दी गई, जबकि सोमवार सुबह मामले का खुलासा होने पर परिजनों और ग्रामीणों के बीच कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और पुलिस बल ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपी पिता नंदकिशोर यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल इस जघन्य घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Share This Article