बिहार में 7.32 करोड़ का पुल धंसा, स्लैब और रेलिंग में दरार; करोड़ों की परियोजना पर उठे सवाल

बिहार में 7.32 करोड़ का पुल धंसा, स्लैब और रेलिंग में दरार; करोड़ों की परियोजना पर उठे सवाल

Johar News Times
3 Min Read

बिहार के अररिया जिले में परमान नदी पर बना झमटा-महिषाकोल पुल धंसने से करोड़ों की परियोजना पर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 7 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से वर्ष 2022 में बने इस पुल का पाया धंस गया है, जिससे स्लैब और रेलिंग में बड़ी दरारें आ गई हैं। पुल की संरचना कई जगह कमजोर पड़ने के बाद प्रशासन ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है।

तीन साल में पुल हुआ जर्जर
स्थानीय लोगों के अनुसार 206.72 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण मई 2022 में पूरा हुआ था, लेकिन महज तीन साल के भीतर ही परमान नदी की तेज धार के कारण पुल का पाया नीचे धंस गया। इसके चलते पुल के ऊपरी हिस्से और मुख्य रेलिंग में बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं।

डेढ़ लाख आबादी प्रभावित
झमटा-महिषाकोल पुल फारबिसगंज के खवासपुर बाजार और अररिया-कुर्साकांटा इलाके को जोड़ता है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से महिषाकोल, झमटा, खवासपुर और कौआचार समेत आसपास की कई पंचायतों की करीब 1.5 लाख आबादी प्रभावित हुई है। लोगों का आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जांच के लिए पहुंची टीम
पुल धंसने की सूचना मिलते ही ग्रामीण कार्य प्रमंडल में हड़कंप मच गया। कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर कुमार के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जांच टीम ने गुरुवार को मौके का निरीक्षण किया। बाद में टीम ने जिला पदाधिकारी विनोद दूहान को पूरी स्थिति की जानकारी दी।

दोषियों पर FIR की मांग
जिला पार्षद Saba Faisal और फैसल जावेद यासीन ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने और दोषी इंजीनियरों व संवेदक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

निर्माण के दौरान भी हुआ था विरोध
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के समय ही घटिया सामग्री और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। स्थानीय लोगों ने काम भी रुकवाया था और कई बार संबंधित ठेकेदार व विभागीय इंजीनियरों के खिलाफ लिखित व मौखिक शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद जल्दबाजी में निर्माण पूरा करा दिया गया।

संवेदक को नोटिस जारी
कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुल अभी डीएलपी अवधि में है, इसलिए संवेदक प्रकाश कंस्ट्रक्शन को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया गया है।

Share This Article