बिहार के मुजफ्फरपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इमलीचट्टी बस स्टैंड से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 891.5 ग्राम हेरोइन बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से विदेशी शराब, चार मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य सामान भी जब्त किया है। मामले में अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र निवासी संजीत कुमार और बरूराज थाना क्षेत्र के कोरीगांवा निवासी कौशलेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर इमलीचट्टी बस स्टैंड पहुंचने वाले हैं। सूचना के बाद नगर थाना पुलिस और मद्य निषेध ब्यूरो की संयुक्त टीम गठित की गई। एसएसपी के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। रात करीब 10:50 बजे पुलिस टीम इमलीचट्टी बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंची, जहां दो युवक ट्रॉली बैग और पीठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में खड़े मिले। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान संजीत कुमार के ट्रॉली बैग से 45 पैकेट में 727.7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसके बैग से असम में बिक्री के लिए बनी विदेशी शराब, दो मोबाइल फोन, 610 रुपये नकद और आधार कार्ड भी मिला। वहीं कौशलेन्द्र कुमार के बैग से 10 पैकेट में 163.8 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मादक पदार्थों का डिजिटल तराजू से वजन कर जब्ती सूची तैयार की गई और पूरी कार्रवाई का वीडियो ई-साक्ष्य पोर्टल पर अपलोड किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नागालैंड के दीमापुर में रहने वाले पूर्वी चंपारण निवासी चुमन कुमार ने उन्हें पहली बार मुजफ्फरपुर में हेरोइन सप्लाई के लिए भेजा था। पुलिस के अनुसार खेप की डील करीब डेढ़ लाख रुपये में हुई थी और सप्लाई के बदले प्रत्येक पैकेट पर कमीशन तय था। सिटी एसपी मोहिब्बुलाह अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के तार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुजफ्फरपुर में हेरोइन की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। जांच आगे बढ़ने पर बड़े ड्रग्स नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
