झारखंड सरकार के वित्त विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए राज्य के 143 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ACP (Assured Career Progression) और MACP (Modified Assured Career Progression) योजना का लाभ देने की मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के तहत पात्र पुलिसकर्मियों के वेतन स्तर में वृद्धि को स्वीकृति दी गई है।
यह लाभ उन कर्मियों को दिया गया है जिन्होंने 10, 20 या 30 वर्षों की नियमित सेवा पूरी कर ली है। खासतौर पर बड़ी संख्या में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) को द्वितीय MACP के तहत लेवल-6 में प्रोन्नति मिली है, जिससे उनके वेतन और सेवा शर्तों में सुधार होगा। वहीं कुछ सेवानिवृत्त और दिवंगत कर्मियों के लंबित मामलों को भी निपटाते हुए उन्हें लेवल-7 तक का लाभ प्रदान किया गया है।
विभाग ने पुराने मामलों की समीक्षा कर वेतनमान और ग्रेड पे से जुड़ी विसंगतियों को भी दूर किया है। जिन कर्मियों ने पीटीसी की पूरक परीक्षा पास की थी या जिनके मामलों में त्रुटियां थीं, उनके वेतन में पिछली तिथियों से संशोधन किया गया है।
यह लाभ विशेष शाखा, रेल धनबाद, पुलिस वायरलेस और प्रशिक्षण केंद्रों तक दिया गया है। हाल ही में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद इस प्रक्रिया में तेजी आई, जिससे पुलिसकर्मियों को अब लंबित लाभ मिलना शुरू हो गया है।









