Giridih CCL Violence : साइडिंग पर हिंसक झड़प, चाकूबाजी में युवक की मौत; इलाके में भारी तनाव

Giridih CCL Violence : साइडिंग पर हिंसक झड़प, चाकूबाजी में युवक की मौत; इलाके में भारी तनाव

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के गिरिडीह जिले में Central Coalfields Limited (CCL) की बनियाडीह एरिया स्थित सीपी साइडिंग पर मंगलवार देर रात हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। कथित कोयला चोरों और साइडिंग पर तैनात कर्मियों के बीच हुई इस भिड़ंत में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और एहतियातन भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मृतक की पहचान दिलीप दास (30) के रूप में हुई है, जो मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खंडीहा का निवासी था। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। मौके पर जीतवाहन उरांव, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा और थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

- Advertisement -
Ad image

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 40-50 लोगों के समूह ने कोयला लदी हाइवा को रोक दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर पथराव हुआ, कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और चाकूबाजी की घटना भी हुई। इसी दौरान दिलीप दास को चाकू लग गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। झड़प में कई कर्मी और सुरक्षा गार्ड भी घायल हुए हैं। गार्ड असगर के मुताबिक, हमले में छह सुरक्षा कर्मियों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक के परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। दिलीप दास के भतीजे आशीष दास ने Central Coalfields Limited के अधिकारियों समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दिलीप घर से शौच के लिए निकले थे, तभी उन्हें घेरकर हमला किया गया। इस बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस सभी एंगल से जांच में जुट गई है।

वहीं, साइडिंग पर मौजूद कर्मियों का दावा है कि कथित कोयला चोरों ने पहले हमला किया, जिसमें कर्मियों के साथ मारपीट की गई और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। CCL के महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर ने भी कोयला चोरों द्वारा हमले की बात कही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इलाके में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Share This Article