झारखंड के लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची द्वारा कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट आज जारी किया जा सकता है। DigiLocker पर मिले संकेतों के बाद यह संभावना और मजबूत हो गई है कि बोर्ड किसी भी समय परिणाम घोषित कर सकता है।
जानकारी के अनुसार, इस बार भी JAC एक साथ कॉमर्स, साइंस और आर्ट्स तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट जारी करेगा। रिजल्ट घोषित होते ही छात्र इसे आधिकारिक वेबसाइट jacresults.com पर जाकर देख सकेंगे। इसके अलावा DigiLocker के माध्यम से डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
DigiLocker ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर संकेत दिया है कि रिजल्ट जल्द जारी होने वाला है। साथ ही छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक भी एक्टिव कर दिया गया है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे पहले से रजिस्ट्रेशन कर लें, ताकि रिजल्ट जारी होते ही बिना देरी के अपनी मार्कशीट देख सकें।
रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को सबसे पहले JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “JAC 12th Result 2026” लिंक पर क्लिक कर अपना रोल नंबर और रोल कोड दर्ज करना होगा। सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिख जाएगा, जिसे डाउनलोड या प्रिंट किया जा सकता है।
छात्रों को रिजल्ट चेक करते समय अपना रोल नंबर, रोल कोड और रजिस्ट्रेशन नंबर पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रिजल्ट के साथ ही बोर्ड की ओर से टॉपर्स लिस्ट और पास प्रतिशत भी जारी किया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी यह देखना दिलचस्प होगा कि तीनों स्ट्रीम में किसका प्रदर्शन सबसे बेहतर रहता है।










