रांची : झारखंड के विभिन्न ट्रेजरी से हुए अवैध वेतन निकासी प्रकरण की जांच को लेकर गठित उच्च स्तरीय कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की जाएगी। इस बैठक का नेतृत्व कमेटी के अध्यक्ष सह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल करेंगे।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले बोकारो और हजारीबाग के उपायुक्तों को पत्र भेजकर निर्धारित प्रारूप में अवैध वेतन निकासी से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया था। इसी आधार पर दोनों जिलों के अधिकारियों को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार की बैठक में मुख्य रूप से बोकारो से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर बोकारो प्रशासन से अतिरिक्त दस्तावेज भी तैयार रखने को कहा जा सकता है, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
बोकारो दौरे से पहले दस्तावेजों की पूरी तैयारी पर जोर
अमिताभ कौशल का उद्देश्य है कि जब जांच टीम 8 तारीख को बोकारो पहुंचे, तो सभी जरूरी कागजात पूरी तरह तैयार मिलें और किसी भी स्तर पर दस्तावेजों के नाम पर प्रक्रिया बाधित न हो। इसी कारण दस्तावेजी तैयारी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
आठ सदस्यीय कमेटी करेगी समीक्षा
अवैध वेतन निकासी की जांच के लिए गठित आठ सदस्यीय दल भी बुधवार को बैठक में शामिल होगा। इस दौरान बोकारो जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए सभी दस्तावेजों की गहन समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जानकारी भी मांगी जाएगी। कमेटी के सभी सदस्य इस बैठक में मौजूद रहेंगे और जांच की आगे की रणनीति तय की जाएगी।










