चाईबासा |
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात नाबालिग बच्चियों को रेस्क्यू किया। सभी बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) चाईबासा को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार ये बच्चियां झींकपानी और गोइलकेरा प्रखंड के कुईडा क्षेत्र की रहने वाली हैं, जो गुजरात के राजकोट स्थित एक कंपनी में काम करने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात करीब 11 बजे कार्रवाई करते हुए उन्हें स्टेशन परिसर से बरामद किया।
रेस्क्यू के दौरान CWC की प्रतिनिधि पिंकू बोदरा ने मौके पर मौजूद अन्य किशोरियों से भी पूछताछ की, जिनमें कुछ बालिग पाई गईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बच्चियों को बाहर भेजे जाने के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि एक महीने के भीतर यह तीसरा रेस्क्यू ऑपरेशन है। इससे पहले भी करीब 10 नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जिससे मानव तस्करी की आशंका और गंभीर हो गई है।










