टाटानगर रेलवे स्टेशन के पायलट लॉबी गेट के बाहर लोको पायलट ज्ञानेंद्र कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 72 लाख रुपये की जमीन का विवाद इस सनसनीखेज हत्याकांड की मुख्य वजह बना। हरहरगुट्टू शिवनगर (पेट्रोल पंप के पीछे) स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से लेनदेन और टकराव चल रहा था।
पत्नी के बयान से जांच को मिली दिशा
मृतक की पत्नी रीना रानी के बयान के बाद पुलिस ने बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-5 निवासी राज किशोर और मधु सोनकर पर संदेह जताया। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बागबेड़ा और आसपास के 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि जमीन सौदे में कई स्थानीय कारोबारी और बिचौलिए शामिल थे।
इन लोगों से हो रही पूछताछ
पुलिस ने बागबेड़ा संजयनगर निवासी बाबूलाल यादव, गोलू यादव, रवि यादव, रेलवे पार्किंग कर्मचारी अम्बेश तिवारी उर्फ छोटू, मधु सोनकर और रंजीत साहू के परिवार से जुड़े मुन्ना को हिरासत में लिया है।
इसके अलावा अपराधी नीरज दुबे के माता-पिता विजय कुमार दुबे और मीरा देवी से भी पूछताछ की गई, हालांकि उन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। पुलिस पेशेवर अपराधियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इस मामले में जमीन कारोबारी अरुण कुशवाहा की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
30 लाख के विवाद से बढ़ा टकराव
जांच में सामने आया है कि 72 लाख की जमीन खरीद के दौरान 30 लाख रुपये को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि राज किशोर ने इस रकम का हिस्सा अपने पास रख लिया, जिससे गौतम और उसके बीच तनाव बढ़ गया। बाद में गौतम ने राज किशोर से अलग होकर मधु सोनकर के साथ मिलकर जमीन की प्लॉटिंग और बिक्री शुरू कर दी थी।
कैसे हुई वारदात
रविवार रात करीब 12:30 बजे ज्ञानेंद्र कुमार गौतम कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी खत्म कर वे पैदल पायलट लॉबी जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके कनपटी में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त जांच
घटना के बाद आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पीएस कुट्टी ने मौके का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पायलट लॉबी गेट के बाहर तीन सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। जिला पुलिस के साथ मिलकर जांच तेज कर दी गई है।
परिवार ने जताया हत्या का संदेह
पत्नी रीना रानी के अनुसार, उनके पति की किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी, लेकिन जमीन के लेनदेन को लेकर तनाव में रहते थे। उन्होंने आशंका जताई है कि इसी विवाद में उनकी हत्या कराई गई।
जल्द खुलासे का दावा
सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा है कि जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आई है। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और मुख्य आरोपी राज किशोर की तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।










