बोकारो: चंद्रपुरा स्थित डीवीसी थर्मल प्लांट में चल रहा मजदूरों का आंदोलन आखिरकार छह दिनों बाद समाप्त हो गया। भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के बैनर तले सीएचपी सेक्शन के वैगन ट्रिपलर में सफाई कार्य करने वाले मजदूर 22 अप्रैल से नियमित काम की मांग को लेकर आंदोलनरत थे।
सोमवार को डुमरी विधायक जयराम महतो की पहल पर प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच करीब चार घंटे लंबी वार्ता हुई, जिसके बाद समाधान निकल आया। वार्ता के दौरान विधायक जयराम महतो आक्रामक तेवर में नजर आए और अधिकारियों पर मजदूरों के शोषण का आरोप लगाते हुए सख्त चेतावनी दी। उन्होंने यहां तक कहा कि मजदूरों के साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बातचीत सफल होने के बाद प्लांट गेट के पास भूख हड़ताल पर बैठे मजदूरों को विधायक ने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। इस मौके पर सहमति पत्र भी सौंपा गया। वार्ता में उप श्रमायुक्त (बोकारो) रंजीत कुमार, डीवीसी की ओर से परियोजना प्रमुख आर.के. अनुभवी, उप महाप्रबंधक (प्रशासन) नीरज सिन्हा, प्रबंधक आर.के. चौधरी, बीकेएमएस के अजय महतो सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।
बैठक में मजदूरों की प्रमुख मांग: कार्य दिवस 13 से बढ़ाकर 26 दिन करने पर सहमति बनी। इसके लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें बीकेएमएस के दो प्रतिनिधि, डीवीसी के संबंधित विभाग के दो प्रतिनिधि और उप महाप्रबंधक (प्रशासन) शामिल होंगे। यह समिति सात दिनों के भीतर कार्य की उपलब्धता का आकलन कर 26 दिन काम देने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। साथ ही यह भी तय हुआ कि भविष्य में नए कार्य मिलने पर वर्तमान 13 दिन काम करने वाले मजदूरों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मजदूर वर्ष 2008 से कार्यरत हैं, लेकिन 2018 के बाद से उन्हें महीने में केवल 13 दिन ही काम मिल रहा था। पिछले 20 दिनों से उन्हें पूरी तरह काम से वंचित कर दिया गया था, जिससे उनकी स्थिति बेहद खराब हो गई थी। अब समझौते के बाद मजदूरों को 26 दिन काम मिलने की संभावना से उनमें खुशी की लहर है।









