धनबाद: चिरकुंडा में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब 11 हजार वोल्ट का बिजली तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से तीन भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए।
यह घटना चिरकुंडा तीन नंबर के पास सुबह करीब 8 बजे हुई। बताया जा रहा है कि स्थानीय निवासी सुनील यादव अपने मवेशियों को चराने ले जा रहे थे, तभी हाई टेंशन तार टूटकर गिर पड़ा। हादसे के दौरान कई लोग जान बचाने के लिए बाइक और साइकिल छोड़कर भाग गए।
घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने चिरकुंडा–पंचेत मुख्य सड़क को जाम कर दिया और बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से खराब इंसुलेटर की शिकायत की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा के मद्देनजर रास्ते को बंद कर दिया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है और मवेशी मालिक को मुआवजे का आश्वासन दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक महीने पहले भी इसी क्षेत्र में बिजली पोल की चपेट में आने से एक मवेशी की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश बना हुआ है और लोग जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।









