घाटशिला में ड्रग्स रैकेट का बड़ा भंडाफोड़: मऊभंडार में छापेमारी, आधा दर्जन युवक हिरासत में; दो सगे भाई भी गिरफ्त में

घाटशिला में ड्रग्स रैकेट का बड़ा भंडाफोड़: मऊभंडार में छापेमारी, आधा दर्जन युवक हिरासत में; दो सगे भाई भी गिरफ्त में

Johar News Times
3 Min Read

घाटशिला अनुमंडल के मऊभंडार क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस दौरान करीब आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

यह कार्रवाई मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवकों में कुछ ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े हैं, जबकि कुछ इसके सेवन में लिप्त बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस फिलहाल मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रही है।

- Advertisement -
Ad image

रविवार देर रात पुलिस टीम ने ए-ब्लॉक स्थित सूरज दत्ता के आवास पर छापेमारी की, जहां कई युवक नशा करते हुए पकड़े गए। मौके से ड्रग्स की पुड़िया भी बरामद होने की बात सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद सोमवार को पूछताछ के आधार पर कुछ और युवकों को हिरासत में लिया गया।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चुनुडीह के दो सगे भाई भी इस मामले में पकड़े गए हैं, जो कथित तौर पर ड्रग्स कारोबार से जुड़े हुए हैं। उनके पास से भी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए जाने की सूचना है, जिसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।

सोमवार को पुलिस ने एक बार फिर ए-ब्लॉक स्थित दत्ता आवास पहुंचकर जांच तेज कर दी। हिरासत में लिए गए युवकों की निशानदेही पर कुछ और ड्रग्स पुड़िया बरामद किए जाने की खबर है। कार्रवाई के दौरान घाटशिला की बीडीओ यूनिका शर्मा भी मौके पर मौजूद रहीं। सूत्रों की मानें तो मऊभंडार क्षेत्र में सक्रिय ड्रग्स के दो बड़े गिरोहों के नेटवर्क को पुलिस ने काफी हद तक तोड़ दिया है।

ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता ने साफ कहा है कि क्षेत्र में किसी भी हालत में नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे रैकेट का खुलासा किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पुलिस इस मामले में आधिकारिक जानकारी साझा करेगी।

Share This Article