झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के पंचपोखरी गांव निवासी झारखंड सशस्त्र पुलिस के जवान परशुराम कुमार सिंह (46) की पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। विभागीय जानकारी के अनुसार उनकी मौत ब्रेन हेमरेज से हुई है, हालांकि परिजनों ने समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है।
बताया गया कि परशुराम कुमार सिंह जैप-8 लेस्लीगंज में पदस्थापित थे। हाल ही में वे असम में चुनाव ड्यूटी से लौटे थे, जिसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और बाद में उत्तर 24 परगना में तैनात किया गया था। परिजनों के अनुसार, असम से लौटने के बाद से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्हें ड्यूटी पर भेज दिया गया।
मृतक के बड़े भाई जयराम सिंह ने आरोप लगाया कि परशुराम लगातार अपनी खराब सेहत की जानकारी अधिकारियों को दे रहे थे, लेकिन उनका समुचित इलाज नहीं कराया गया। रविवार दोपहर करीब दो बजे उनसे संपर्क नहीं हो पाया। बाद में साथियों से जानकारी मिली कि उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है, जहां डॉक्टरों ने करीब तीन बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पार्थिव शरीर को लाने के लिए एसोसिएशन के सदस्य पश्चिम बंगाल रवाना हो चुके हैं। सोमवार को शव जैप-8 लेस्लीगंज लाए जाने के बाद उसे पैतृक गांव पंचपोखरी भेजा जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
फिलहाल विभागीय स्तर पर मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया गया है, जबकि परिजन पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।









