हजारीबाग, झारखंड के हजारीबाग जिले के दनुआ घाटी में शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा चौपारण थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, कार (JH 10 CU 3472) बिहार की ओर जा रही थी, तभी दनुआ घाटी के घुमावदार मोड़ पर पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे जा रहे ट्रेलर में घुस गई और फिर पीछे से आए दूसरे ट्रक की टक्कर के बाद सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और देर रात तक राहत-बचाव कार्य जारी रहा।

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से मातम
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
शिवकुमार के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के अनुसार, मृतक शिव कुमार अपने परिवार के साथ शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी चारपहिया वाहन से गयाजी के लिए निकले थे। अब परिवार में उनका केवल एक पुत्र रंजीत कुमार ही बचा है।
बताया गया कि रंजीत बुदौरा स्थित आवास पर ही रुका हुआ था। जब रात करीब 8 बजे दुर्घटना की सूचना बुदौरा पहुंची तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने रंजीत को केवल दुर्घटना की जानकारी दी, लेकिन उसके परिवार के अन्य सदस्यों की मौत की खबर से लोग स्तब्ध रह गए।
बुदौरा कॉलोनी में मातम का माहौल है और लोग यह समझ नहीं पा रहे कि रंजीत को यह दुखद खबर कैसे बताई जाए।
दनुआ घाटी पर फिर उठे सवाल
लगातार हो रहे हादसों के कारण स्थानीय लोगों ने एक बार फिर दनुआ घाटी को “मौत की घाटी” बताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।











