चाईबासा कोषागार से लाखों की अवैध निकासी का मामला, जांच शुरू, प्रशासन में हड़कंप
पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में कोषागार से लाखों रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग के खातों से लाखों रुपये की अवैध निकासी का पता चलते ही जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है, जिसने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिले के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि इस मामले की जांच कल से शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितनी राशि की अवैध निकासी हुई है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरी राशि और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
टाटा स्टील में 1 मई से बड़े बदलाव, डॉ. विजय कुमार बने जमशेदपुर के प्लांट मेडिकल ऑफिसर
टाटा स्टील में 1 मई से व्यापक स्तर पर सांगठनिक बदलाव किए जा रहे हैं। कंपनी प्रबंधन ने अधिकारियों के तबादले, पदस्थापन और मेडिकल सर्विसेज में डॉक्टरों की नई तैनाती व प्रोन्नति का फैसला लिया है। यह कदम मैनेजमेंट स्ट्रक्चर को और अधिक प्रभावी और चुस्त बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इस संबंध में गुरुवार को कंपनी के इंट्रानेट पर सर्कुलर जारी किया गया।
मेडिकल सर्विसेज और टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। डॉ. विजय कुमार (सीनियर रजिस्ट्रार, वेस्ट बोकारो) को जमशेदपुर का प्लांट मेडिकल ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. रेणुका साव (जूनियर रजिस्ट्रार, इमरजेंसी) को गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग में कंसल्टेंट बनाया गया है।

इसके अलावा डॉ. प्रत्युष आनंद (सीनियर रजिस्ट्रार, इमरजेंसी) को टीएमएच क्लीनिक में पदस्थापित किया गया है, जबकि डॉ. दिव्येन्दु पात्रा को टीएमएच क्लीनिक से इमरजेंसी सेवाओं के लिए वापस टीएमएच लाया गया है।
कंपनी के शीर्ष प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। रत्नेश चौबे को चीफ स्ट्रेटजी डिप्लॉयमेंट से बदलकर चीफ बिजनेस फाइनांस (रॉ मटेरियल) बनाया गया है। वहीं नेहा हरलालका को चीफ पोर्टफोलियो मैनेजमेंट से हटाकर चीफ स्ट्रेटजी डिप्लॉयमेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके साथ ही जयदीप बिश्वास (सीनियर मैनेजर, कॉरपोरेट एथिक्स, टाटा स्टील यूआईएसएल) को प्रोमोशन देकर हेड कॉरपोरेट एथिक्स बनाया गया है।
HCL के CMD से मिले सांसद विद्युत बरण महतो , HCL / ICC को पूर्ण रूप से चालू करने और स्थानीय युवकों को रोजगार की मांग
सांसद विद्युतवरण महतो ने कोलकाता स्थित एचसीएल के कॉरपोरेट ऑफिस में सीएमडी संजीव कुमार सिंह से मुलाकात कर मऊभंडार एवं मुसाबनी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा। खदान, प्लांट, रोजगार व जनसुविधाओं से संबंधित एक-एक मुद्दे को गंभीरता से रखते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। सीएमडी संजीव कुमार सिंह ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया।

सांसद ने आईसीसी यूनिट में वर्ष 1996 के बाद से ही मजदूरों की बहाली नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए स्थायी नियुक्ति शुरू करने और नॉमिनी युवकों को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने ठेका मजदूरों को महीने में 26 दिन रोजगार देने और छूटे हुए मजदूरों को पुनः काम देने की मांग रखी। सीएमडी ने बहाली को लेकर जल्द आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। ठेका मजदूरों के मुद्दे पर जरूरी पहल करने की बात कहीं।
सांसद ने सुरदा और केंदाडीह माइंस की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, राखाकॉपर माइंस को जल्द चालू करने तथा चापड़ी क्षेत्र में खनन कार्य डेवलप कराने की मांग की। सीएमडी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में राखामाइंस से उत्पादन शुरु होने की पूरी उम्मीद है। सुरदा और केंदाडीह माइंस में उत्पादन बढ़ाने के लिए जरूर कदम उठाए जा रहे है। किशनगढ़िया, पाथरगोड़ा और धोबनी जैसी बंद खदानों को चालू कराने की दिशा में प्रयास जारी होने की जानकारी सीएमडी ने दी।
टाटानगर में ट्रेन लेटलतीफी के खिलाफ आंदोलन तेज, हस्ताक्षर अभियान को रेलवे ने नहीं दी अनुमति
टाटानगर में ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर चल रहे आंदोलन को रोकने की कोशिश के बीच विवाद बढ़ गया है। विधायक सरयू राय के नेतृत्व में चल रही रेल यात्री संघर्ष समिति ने 26 अप्रैल को स्टेशन परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा की है।
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह अपने समर्थकों के साथ स्टेशन के एरिया मैनेजर और सुपरिटेंडेंट से मिले और अभियान के लिए स्थान व अनुमति मांगी। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की जगह उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया।
विधायक ने आंदोलन को हर हाल में जारी रखने का निर्देश दिया। समिति ने साफ किया है कि 26 अप्रैल को निर्धारित कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षर अभियान हर हाल में चलाया जाएगा।
समिति के अनुसार, अभियान के दौरान यात्री स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट लेकर पहुंचेंगे और हस्ताक्षर के साथ शिकायत फॉर्म भी भरेंगे। आंदोलनकारियों का कहना है कि ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से आम यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है, जिसके खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है।
टाटा स्टील के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन, सतत इस्पात निर्माण पर वैश्विक विशेषज्ञों का जोर
टाटा स्टील द्वारा बिष्टुपुर स्थित शावक नानावटी टेक्निकल इंस्टिट्यूट में आयोजित “सतत गुणवत्ता इस्पात निर्माण पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन-2026 का भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय इस सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों, इस्पात उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने भाग लेकर इस्पात निर्माण के भविष्य पर विस्तृत चर्चा की।
समापन समारोह को टाटा स्टील के उपाध्यक्ष राजीव मंगल ने संबोधित किया। उन्होंने स्क्रैप आधारित इस्पात उत्पादन में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और गुणवत्ता आश्वासन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत आर्क भट्ठी (EAF) और इंडक्शन फर्नेस (IF) आधारित उत्पादन प्रणाली तेजी से विकसित हो रही है, ऐसे में सुरक्षा, स्थिरता और गुणवत्ता नियंत्रण बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।

मंच पर टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट्स के डॉ. टी. भास्कर, जेमिपोल के मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. एस. सान्याल और आईसीएसक्यूएस-2026 के सह-सचिव डॉ. ए. अम्मासी भी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने तकनीकी नवाचार, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और उत्पादन दक्षता बढ़ाने पर अपने विचार साझा किए।
मुसाबनी की दक्षिणी इचड़ा पंचायत को राज्य स्तरीय सम्मान, मुखिया माला गुप्ता को 4 लाख का पुरस्कार
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन सम्मान योजना के तहत रांची में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुसाबनी प्रखंड की दक्षिणी इचड़ा पंचायत को उत्कृष्ट ग्रामसभा संचालन के लिए सम्मानित किया गया। पंचायत की मुखिया माला गुप्ता को यह पुरस्कार दीपिका पांडेय सिंह द्वारा 4 लाख रुपये का चेक देकर प्रदान किया गया।

सम्मान मिलने पर मुखिया माला गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से सभी का मनोबल बढ़ेगा और विकास कार्यों में और तेजी आएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पुरस्कार राशि पंचायत के विकास कार्यों में ही खर्च की जाएगी।
टाटा स्टील में 10,800 कर्मचारियों के वेतन समझौते पर मैराथन वार्ता, डीए बढ़ाने पर यूनियन का जोर
टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट और ट्यूब्स डिवीजन में कार्यरत करीब 10,800 कर्मचारियों के वेतन समझौते को लेकर प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच लगातार मैराथन वार्ता जारी है।
सूत्रों के अनुसार, इस बार के समझौते में न्यू सीरीज (एनएस) ग्रेड कर्मचारियों और कमेटी मेंबरों का दबाव साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। सबसे प्रमुख मुद्दा डीए (महंगाई भत्ता) के पर-प्वाइंट में बढ़ोतरी का है, जिस पर यूनियन नेतृत्व प्रबंधन से सहमति बनाने की कोशिश कर रहा है।

जानकारी के मुताबिक, टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में एनएस ग्रेड का गठन वर्ष 2008 में हुआ था। तब से अब तक कर्मचारियों को 3 रुपये प्रति डीए पर-प्वाइंट के आधार पर महंगाई भत्ता मिल रहा है। ऐसे में लंबे समय से इसे बढ़ाने की मांग उठती रही है, जिस पर अब गंभीरता से चर्चा हो रही है।
वहीं, इस बार मिनिमम गारंटीड बेनिफिट 11 से 12 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2018-19 के वेतन समझौते में कर्मचारियों को 12.75 प्रतिशत एमजीबी का लाभ मिला था।
कोल्हान विश्वविद्यालय की छठी सीनेट बैठक सम्पन्न, लंबित प्रस्तावों को मिली मंजूरी
कोल्हान विश्वविद्यालय की छठी सीनेट बैठक कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में वर्ष 2022 से लंबित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में विधायक निरल पूर्ति (मझगांव), सबिता महतो (ईचागढ़), मंगल कालिंदी (जुगसलाई), सुखराम उरांव (चक्रधरपुर) और सोमेश चंद्र सोरेन (घाटशिला) समेत सीनेट सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
बैठक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि सभी महाविद्यालयों में निर्धारित सिलेबस समय पर पूरा कराया जाए और उसके बाद ही परीक्षाएं आयोजित हों। साथ ही मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर भी बल दिया गया।

विधायक मंगल कालिंदी ने बैठक में छह प्रमुख मुद्दे उठाए। उन्होंने बोड़ाम क्षेत्र में नव-निर्मित डिग्री कॉलेज में शीघ्र पठन-पाठन शुरू करने की मांग की, ताकि स्थानीय छात्रों को बाहर न जाना पड़े। साथ ही कॉलेज का नाम जननायक शिबू सोरेन के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जमशेदपुर स्थित विश्वविद्यालय के शाखा कार्यालय से ही छात्रों को डिग्री, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें चाईबासा जाने की जरूरत न पड़े।
जंगली हाथियों का कहर ,एक ही परिवार के 2 लोगों की मौत, 3 गंभीर घायल
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन विभाग रेंज अंतर्गत ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सोड़ो पंचायत स्थित हाड़ात गांव में शुक्रवार की रात जंगली हाथियों ने भीषण उत्पात मचाया। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब 1 बजे जंगली हाथियों का एक झुंड गांव में घुस आया। हाथियों ने महतो परिवार के कच्चे मकान पर हमला कर दिया। दीवार तोड़कर घर में घुसने के दौरान परिवार के लोग हाथियों की चपेट में आ गए।
इस हमले में चाइना देवी और उनकी बेटी अमिता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कमलचंद महतो, मोहन महतो और सतुला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मशाल जलाकर हाथियों को खदेड़ा।

सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया। जहां कमलचंद महतो की हालत नाजुक बनी हुई है। अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही चांडिल रेंजर और ईचागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी है। सरकारी प्रावधान के तहत 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घायलों के इलाज का पूरा खर्च वन विभाग उठाएगा।
टाटानगर स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, 15 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन ‘नार्कोस’ में सफलता
टाटानगर रेल्वे स्टेशन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 15 किलो गांजा बरामद किया। जब्त गांजा की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी कि ट्रेन के जरिए गांजा की खेप स्टेशन पर पहुंचने वाली है। इसके बाद स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दो व्यक्तियों को रोका गया, जिनकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा जिले के रजौली निवासी उपेंद्र कुमार और विनोद साव के रूप में हुई है।











