चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में पहली बार एंडोस्कोपिक टिम्पेनोप्लास्टी सर्जरी, ईएनटी उपचार की नई शुरुआत

चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में पहली बार एंडोस्कोपिक टिम्पेनोप्लास्टी सर्जरी, ईएनटी उपचार की नई शुरुआत

Johar News Times
4 Min Read

चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल का रेलवे अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। भले ही रेल संचालन को लेकर यह मंडल आलोचनाओं में रहता हो, लेकिन चिकित्सा सेवाओं में यह अस्पताल आमजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराकर पहचान बना रहा है। आयुष्मान योजना के तहत हर साल हजारों गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज कर यह अस्पताल पहले ही देशभर में अग्रणी स्थान हासिल कर चुका है।

इसी कड़ी में अब अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर की शुरुआत के बाद नाक, कान और गले (ईएनटी) से जुड़ी बीमारियों के ऑपरेशन भी शुरू हो गए हैं। हाल ही में रेल जीएम द्वारा इस मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन किया गया था।

- Advertisement -
Ad image

मंगलवार को इस नई सुविधा का उपयोग करते हुए बंडामुंडा की एक महिला मरीज के कान का सफल ऑपरेशन किया गया। इस सर्जरी को चिकित्सा भाषा में एंडोस्कोपिक टिम्पेनोप्लास्टी कहा जाता है। यह ऑपरेशन चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में पहली बार किया गया, जिसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

अस्पताल के सीएमएस डॉ. एस.के. मिश्रा और ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. रीति ईशा ने बताया कि इस तरह की सर्जरी की सुविधा चक्रधरपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेहद सीमित है और जहां उपलब्ध है, वहां इसका खर्च भी काफी अधिक होता है।

इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए कोलकाता के गार्डनरीच स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे के केंद्रीय अस्पताल से ईएनटी विभाग के प्रमुख डॉ. के.पी. वर्मा विशेष रूप से चक्रधरपुर पहुंचे थे। डॉ. के.पी. वर्मा और डॉ. रीति ईशा ने संयुक्त रूप से सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

बताया गया कि बंडामुंडा निवासी महिला मरीज के कान के पर्दे में छेद था, जिसके कारण उसे लगातार चक्कर आना, कान से पानी निकलना और सुनाई न देना जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। जांच के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया और ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। सफल सर्जरी के बाद मरीज को काफी राहत मिली है और उसकी सभी समस्याएं दूर हो गई हैं। फिलहाल मरीज अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में है।

- Advertisement -
Ad image

इस सफलता पर अस्पताल प्रबंधन में खुशी का माहौल है। सीएमएस डॉ. एस.के. मिश्रा ने कहा कि चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल न केवल रेलकर्मियों, बल्कि पश्चिम सिंहभूम जिले के आम नागरिकों को भी सरकारी योजनाओं के तहत किफायती और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि आयुष्मान योजना के तहत ईएनटी से संबंधित इलाज के लिए भी अस्पताल आम लोगों के लिए खुला है। अस्पताल में लगातार नए उपकरण जोड़े जा रहे हैं और चिकित्सा व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

आने वाले दिनों में अस्पताल में ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू होने वाली है। कुल मिलाकर चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल अब पूरे पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए संजीवनी साबित हो रहा है, जहां बेहतर इलाज के साथ मरीजों का लाखों रुपये तक का खर्च बच रहा है।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article