देवघर। झारखंड के देवघर जिले में एनआईए और झारखंड एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों से नगर थाना में गहन पूछताछ की जा रही है, हालांकि अधिकारी फिलहाल मामले पर खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हथियार तस्करी की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से नंदन पहाड़ के पास नंदी नगर मोहल्ले में छापेमारी की, जहां एक युवक को उसके मामाघर से हिरासत में लिया गया। इसके अलावा भुरभुरा मोड़ के पास से एक अन्य युवक को भी पकड़ा गया।
दोनों संदिग्धों को फिलहाल देवघर नगर थाना में रखा गया है, जहां एनआईए और एटीएस की टीम संयुक्त रूप से उनसे पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, नंदी नगर से हिरासत में लिया गया युवक मूल रूप से आरा का रहने वाला है। उसके पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक हैं और कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढ़िया इलाके में रहते हैं।
फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।









