गुमला, जिले के बसिया थाना क्षेत्र में अवैध बालू भंडारण और खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला खनन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को जिला टास्क फोर्स ने बसिया अंचल के मौजा बोगालोया समेत आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 30,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया था। जांच के बाद इस धंधे में संलिप्त लोगों की पहचान करते हुए मामला दर्ज किया गया।
इन लोगों को बनाया गया आरोपी
मामले में पार्थ सिंह, ईश्वर गोप, अजीत इंदवार, सोमरा उरांव, कुलदीप उरांव, बैजनाथ गोप, धरमा बड़िया, राजेंद्र गोप, कारू सिंह और जबर खान को नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी गुमला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
बिना अनुमति चल रहा था अवैध कारोबार
खनन विभाग के अनुसार, संबंधित स्थल पर बिना किसी वैध पट्टा या अनुज्ञप्ति के बालू का उत्खनन, परिवहन और भंडारण किया जा रहा था। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था। यह गतिविधियां खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धाराओं के साथ-साथ झारखंड लघु खनिज नियमावली, 2004 और झारखंड मिनरल्स (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियम, 2017 का उल्लंघन हैं।
जांच शुरू, सख्त कार्रवाई के संकेत
बसिया थाना में दर्ज इस मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर संगम कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









