जमशेदपुर, झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा 19 अप्रैल को जिले में कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच आयोजित की जाएगी। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 60 परीक्षा केंद्रों पर कुल 26,530 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। परीक्षा व्यवस्था को लेकर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उपायुक्त ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और वितरण के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों को समय पर केंद्रों पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने का निर्देश दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिटी एसपी ने कहा कि सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी और बिना जांच किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। जांच के लिए मेटल डिटेक्टर और हैंडहेल्ड डिवाइस का उपयोग किया जाएगा। साथ ही केंद्रों के अंदर और आसपास कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।










