बहरागोड़ा में फिर मिला विश्व युद्ध का बम
बहरागोड़ा के पानीपोड़ा क्षेत्र में एक बार फिर द्वितीय विश्व युद्ध का बम मिलने से ग्रामीणों में दहशत है। सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर कम होने पर मछली पकड़ने गए लोगों ने पानी के अंदर एक विशाल बम देखा। आपको बता दें कि यहाँ पहले भी अमेरिकी निर्मित बम मिल चुके हैं।

पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और बम निरोधक दस्ते को सूचित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे क्षेत्र की गहन जांच कर स्थायी समाधान निकाला जाए।
जमशेदपुर के आसमान में फाइटर जेट
जमशेदपुर में आज उस समय कौतूहल मच गया जब आसमान में एक फाइटर जेट को उड़ान भरते देखा गया। सोनारी एयरपोर्ट के ऊपर कई चक्कर लगाने वाले इस जेट को देखने के लिए लोग छतों पर जमा हो गए।

कयास लगाए जा रहे हैं कि यह पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरबेस से आया था, हालांकि अभी किसी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
सारंडा में मुठभेड़ और ब्लास्ट
चाईबासा के सारंडा जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ के दूसरे दिन आज एक बड़ा आईईडी ब्लास्ट हुआ है। बाबूडेरा जंगल में हुए इस विस्फोट में कोबरा 210 बटालियन के हेड कांस्टेबल अभिनय कुमार मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं,

जिन्हें तत्काल एयरलिफ्ट किया गया है। बुधवार को भी इसी मुठभेड़ में कोबरा के 5 जवान घायल हुए थे। सुरक्षाबल लगातार नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं।
चाईबासा,विकास कार्यों को मिलेगी गति
चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर शहर की परियोजनाओं पर चर्चा की।

जल्द ही चाईबासा में नए बस स्टैंड का टेंडर जारी होगा और ऐतिहासिक जोड़ा तालाब व मंगला हाट के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
जमशेदपुर में बड़ी चोरी का तांडव
जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह ग्वाला बस्ती में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक सूने घर से करीब 20 लाख रुपये के जेवर उड़ा लिए। चोरों ने घर के 6 दरवाजों के ताले काटे और 6 अलमारियों को तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों की तलाश कर रही है।
साउथ बिहार एक्सप्रेस में आग से अफरातफरी
चक्रधरपुर रेल मंडल के टुनिया और मनोहरपुर के बीच साउथ बिहार एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग की वजह से दो बार आग लगने की घटना सामने आई।

पहियों से धुआं और आग निकलते देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, लोको पायलट की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पटमदा सड़क हादसा और हंगामा
जमशेदपुर के पटमदा में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुमित सिंह सरदार और सुखदेव सरदार के रूप में हुई है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने शवों को सड़क पर रखकर टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रशासन द्वारा मुआवजे के लिखित आश्वासन के बाद ही तीन घंटे बाद जाम हटाया जा सका।
सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट – बेटियों ने मारी बाजी
अंत में बात शिक्षा जगत की। सीबीएसई 10वीं बोर्ड का रिजल्ट घोषित हो चुका है और जमशेदपुर की जंपाना श्रेया ने 98.6% अंकों के साथ शहर में टॉप किया है।

शहर का कुल पास प्रतिशत 95 रहा, जिसमें लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा। टॉपर्स की सूची में जेपीएस, चिन्मया और डीएवी बिष्टुपुर के छात्रों का दबदबा रहा।


















