राँची: राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर झारखंड के पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक (DGP) ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। शहर में सुरक्षा के घेरे को और मजबूत करने के लिए ‘तीसरा-नेत्र’ (CCTV) के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया है।
उच्चस्तरीय समिति का हुआ गठन
शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने और स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति की जिम्मेदारी मौजूदा कैमरों की गुणवत्ता की समीक्षा करना और उनकी वीडियो क्वालिटी (Resolution) को बेहतर बनाना है।
समिति के प्रमुख सदस्य:
- श्री मनोज कौशिक (अपर पुलिस महानिदेशक, CID, झारखंड) – अध्यक्ष
- श्री इन्द्रजीत महथा (पुलिस उप-महानिरीक्षक, झारखंड जगुआर) – सदस्य
- श्री राकेश रंजन (वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची) – सदस्य
अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, नए स्थलों का होगा चयन
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह समिति न केवल पुराने कैमरों की मरम्मत और अपडेट पर ध्यान देगी, बल्कि रांची शहरी क्षेत्र में उन संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों का भी चयन करेगी जहां नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है।
जल्द सौंपी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
यह उच्चस्तरीय समिति सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच करने के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र ही समर्पित करेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में कैमरों के सक्रिय और प्रभावी उपयोग के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी, जिससे शहर की निगरानी प्रणाली को आधुनिक और हाई-टेक बनाया जा सके।
जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें। लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com










