झारखंड। रामगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित रुंगटा ग्रुप के झारखंड इस्पात प्लांट में सोमवार को अचानक फर्नेस ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में करीब 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
काम के दौरान हुआ जोरदार विस्फोट
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना तब हुई जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। इसी दौरान फर्नेस तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। विस्फोट की आवाज पूरे प्लांट परिसर में सुनाई दी और अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को रांची रेफर किया गया
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि 5 मजदूरों की हालत गंभीर है और बाकी का इलाज जारी है।
प्रशासन और प्लांट प्रबंधन जांच में जुटे
थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने कहा कि फर्नेस ब्लास्ट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण हुआ हो सकता है। प्रशासन और प्लांट प्रबंधन दोनों स्तर पर जांच जारी है, ताकि दुर्घटना की असल वजह का पता लगाया जा सके।











