सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कबीरनगर स्थित KGN मेडिकल दुकान में रंगदारी मांगने, अंधाधुंध फायरिंग और लूटपाट करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य और कुख्यात आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने करीब 14 महीने की लंबी फरारी के बाद शनिवार (21 जून 2026) को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे बगानशाही (रोड नंबर 7, मुर्दा मैदान के पास) से दबोच लिया।
रंगदारी न देने पर साकिब परवेज पर चलाई थी गोली, की थी लूटपाट
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह दुस्साहसिक घटना 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे की है। कपाली ओपी अंतर्गत कबीरनगर स्थित KGN मेडिकल दुकान में हथियारों से लैस अज्ञात अपराधी जबरन घुस गए थे और संचालक साकिब परवेज से भारी रंगदारी की मांग की थी।
जब संचालक ने रंगदारी देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से उन पर सीधी गोली चला दी। इसके बाद अपराधियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और काउंटर में रखे नकद रुपये व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में चांडिल (कपाली ओपी) थाना में कांड संख्या 57/2025 के तहत बीएनएस (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
सभी 8 आरोपी सलाखों के पीछे, पिस्टल-कारतूस पहले ही बरामद
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस कांड में शामिल कुल 8 आरोपियों में से 7 को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। केवल मुख्य सूत्रधार ‘घेघा’ पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
जेल जा चुके आरोपियों के नाम:
- मो. शहनवाज उर्फ नवाज
- सैय्यद मो. इमरान उर्फ इमरान
- दानिश कुरैशी उर्फ छोटू (इसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस पहले ही बरामद हो चुके हैं)
- फिरोज अंसारी उर्फ जल्ला फिरोज
- सद्दाम हुसैन उर्फ दाना सद्दाम
- श्रवण महतो, जितेन्द्र महतो उर्फ फुचू महतो और राहुल महतो
झारखंड से उड़ीसा तक फैला है ‘घेघा’ का आपराधिक साम्राज्य
गिरफ्तार आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा मूल रूप से कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर (नहर किनारे) का रहने वाला है, जो वर्तमान में जमशेदपुर के आजादनगर थाना अंतर्गत बगानशाही में किराये के मकान में रह रहा था।
घेघा का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। वह सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और पड़ोसी राज्य उड़ीसा के कई थानों में चोरी, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के 8 संगीन मामलों में नामजद आरोपी है। उसके खिलाफ दर्ज मुख्य कांड निम्नलिखित हैं:
- चांडिल (कपाली ओपी): कांड संख्या 128/2018, 109/2022, 57/2025, 77/2025, 92/2025
- धालभूमगढ़ थाना: कांड संख्या 10/2025
- पोटका थाना: कांड संख्या 34/2025
- गोरूमहिषाणी थाना (उड़ीसा): कांड संख्या 43/2025
इस टीम को मिली सफलता
कुख्यात अपराधी घेघा को दबोचने वाली विशेष टीम का नेतृत्व कपाली ओपी प्रभारी (पु.अ.नि.) अविनाश कुमार कर रहे थे। इस छापामारी दल में पु.अ.नि. रणजीत कुमार सिंह, स.अ.नि. मनोज कुमार राय, हवलदार कृष्ण चन्द्र बिरुआ और आरक्षी दस्तगीर आलम मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
