वाहन जांच के दौरान भागने की कोशिश, 48 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त,
कोडरमा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक टाटा मैजिक वाहन से अंग्रेजी शराब की खेप बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि डोमचांच से सतगावां होते हुए बिहार ले जाने के लिए एक टाटा मैजिक में अवैध शराब लोड की गई है। सूचना के सत्यापन के बाद ढाब थाना प्रभारी बमबम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने ढाब चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया।
पीछा कर दबोचे गए आरोपी
जांच के दौरान लाल रंग की टाटा मैजिक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन की गति बढ़ाकर भागने लगा। कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर चालक और उपचालक फरार होने की कोशिश करने लगे, जिन्हें पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
48 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद
वाहन की तलाशी में अंग्रेजी शराब की खेप बरामद हुई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नालंदा जिले के गिरीयक निवासी 19 वर्षीय चंदन कुमार और नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के दुलारडीह निवासी 24 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन समेत कुल 48 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिनमें 42 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) और 6 बोतल आइकोनिक व्हाइट शामिल हैं।
मामला दर्ज, अभियान रहेगा जारी
इस संबंध में ढाब थाना में कांड संख्या 04/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि अवैध शराब कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
