अंडा प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स है और ज्यादातर लोगों की रोजमर्रा की डाइट का एक अहम हिस्सा है। लेकिन अक्सर लोगों के सामने एक बड़ी समस्या आती है— यह पहचानना कि अंडा ताजा है या खराब? कई बार लोग अंडे को सिर्फ यह देखने के लिए तोड़ देते हैं कि वह खाने लायक है या नहीं। अंडों के डिब्बे पर लिखी ‘बेस्ट-बाय’ या पैकिंग की तारीख हमेशा उसकी सही उम्र नहीं बताती। खासकर तब, जब आपने अंडों को डिब्बे से निकालकर फ्रिज में रख दिया हो या सीधे किसी फार्म से खरीदा हो। लेकिन अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। बिना अंडा तोड़े उसकी ताजगी जांचने का एक बेहद आसान और वैज्ञानिक तरीका है, जिसे ‘फ्लोट टेस्ट’ कहा जाता है।
पानी का यह सिंपल टेस्ट बताएगा पूरी सच्चाई
इस टेस्ट के लिए आपको सिर्फ एक गहरे बर्तन और ठंडे पानी की जरूरत होगी। बर्तन में इतना पानी भरें कि अंडा पूरी तरह डूब सके। अब अंडे को धीरे से पानी में डालें और ध्यान से देखें कि वह क्या करता है:
- तली में बैठ जाए : अगर अंडा सीधे नीचे जाकर बर्तन की तली में आड़ा (लेटा हुआ) बैठ जाता है, तो समझ लीजिए कि वह पूरी तरह फ्रेश है और इस्तेमाल के लिए बेस्ट है।
- तली में खड़ा हो जाए : यदि अंडा नीचे तो पहुंच जाता है, लेकिन तली पर खड़ा रहता है या थोड़ा तिरछा नजर आता है, तो इसका मतलब है कि वह कुछ दिन पुराना है। हालांकि, यह अभी भी खाने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।
- पानी पर तैरने लगे : अगर अंडा पानी की सतह पर तैरने लगे, तो उसे तुरंत कूड़ेदान में डाल दें। यह साफ संकेत है कि अंडा खराब हो चुका है और इसे खाना सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
आखिर क्यों तैरने लगता है पुराना अंडा?
वैज्ञानिकों और एक्सपर्ट्स के अनुसार, अंडे के छिलके में बेहद बारीक (सूक्ष्म) छिद्र होते हैं। जैसे-जैसे अंडा पुराना होता जाता है, इन छिद्रों के जरिए हवा उसके अंदर जाने लगती है। हवा जमा होने के कारण अंडे के अंदर का ‘एयर पॉकेट’ बड़ा हो जाता है। यही वजह है कि पुराना या खराब अंडा पानी में तैरने लगता है, जबकि ताजा अंडा भारी होने के कारण डूब जाता है।
अंडा तोड़ने के बाद ऐसे करें पहचान
अगर आपने गलती से अंडा तोड़ दिया है, तब भी आप इन 2 तरीकों से उसकी पहचान कर सकते हैं:
- सफेद और पीले हिस्से की बनावट: ताजे अंडे का सफेद भाग (Egg White) गाढ़ा और चिपचिपा होता है, और उसकी जर्दी गोल और उभरी हुई होती है। वहीं, पुराने अंडे का सफेद हिस्सा पानी की तरह पतला और फैला हुआ होता है।
- सल्फर जैसी गंध: खराब अंडे की सबसे बड़ी पहचान उसकी गंध है। अगर अंडा तोड़ते ही उसमें से सड़ी हुई या तेज सल्फर जैसी बदबू आए, तो उसे बिल्कुल न खाएं।
अंडों को लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए उन्हें हमेशा फ्रिज में उनके मूल डिब्बे में ही स्टोर करें। इससे वे बाहरी गंध और नमी से बचे रहते हैं।
