ममता बनर्जी पहुंचीं कोर्ट: भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी से मिली हार को कलकत्ता हाई कोर्ट में दी चुनौती, लगाया धांधली का आरोप

सुवेंदु अधिकारी के हाथों भवानीपुर में मिली हार के खिलाफ खुद हाई कोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी, दायर की याचिका।

Johar News Times
3 Min Read

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सियासत एक बार फिर अदालती गलियारों में गरमा गई है। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनावी नतीजों को चुनौती देते हुए मंगलवार को कलकत्ता हाई कोर्ट में एक चुनावी याचिका दायर की है। उन्होंने कोर्ट से इस चुनावी रिजल्ट की वैधता पर विचार करने और इसकी न्यायिक समीक्षा करने की मांग की है। इस याचिका को दायर करने के लिए ममता बनर्जी खुद कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंची थीं, जहाँ उनके साथ टीएमसी नेता कुणाल घोष और डोला सेन भी मौजूद थे।

भवानीपुर सीट पर 15,105 वोटों से हारी थीं ममता

कभी तृणमूल कांग्रेस का अभेद्य किला मानी जाने वाली भवानीपुर सीट पर विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को अपने कड़े प्रतिद्वंदी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के हाथों 15,105 वोटों से करारी हार का सामना करना पड़ा था। गौरतलब है कि इस हार से पहले भवानीपुर सीट ममता बनर्जी का पारंपरिक गढ़ रही थी और वह यहाँ से तीन बार विधायक चुनी जा चुकी थीं।

याचिका में लगाए गए मुख्य आरोप

ममता बनर्जी द्वारा दायर हलफनामे में चुनाव प्रक्रिया और मतगणना को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं:

  • टीएमसी सुप्रीमो का आरोप है कि मतगणना के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई और मतगणना वाले दिन हिंसा व मारपीट भी हुई।
  • याचिका में दावा किया गया है कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदान को प्रभावित किया और गड़बड़ी को अंजाम दिया।
  • ममता बनर्जी ने अदालत से मांग की है कि 4 मई को घोषित हुए भवानीपुर सीट के नतीजों की पूरी तरह से न्यायिक समीक्षा की जाए।

नंदीग्राम मामले की तरह यह विवाद भी पहुंचा कोर्ट

यह पहला मौका नहीं है जब ममता बनर्जी ने सुवेंदु अधिकारी के हाथों मिली हार के बाद अदालत का रुख किया है। इससे पहले, साल 2021 के विधानसभा चुनाव में जब सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को मात दी थी, तब भी उन्होंने नतीजों के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। दिलचस्प बात यह है कि नंदीग्राम चुनाव से जुड़ा वह मामला आज तक अदालत में लंबित है और अधर में लटका हुआ है।

विगत 4 मई को आए चुनावी नतीजों में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज करने के बाद सुवेंदु अधिकारी राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। अब भवानीपुर के इस नए कानूनी विवाद पर कलकत्ता हाई कोर्ट के रुख पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

Share This Article