सरायकेला में अवैध कोयला परिवहन पर कार्रवाई, चार हाइवा जब्तपदमपुर टोल प्लाजा पर खनन विभाग और कांड्रा पुलिस की संयुक्त जांच, दस्तावेज नहीं दिखाने पर हुई कार्रवाई

सरायकेला में अवैध कोयला परिवहन पर कार्रवाई, चार हाइवा जब्तपदमपुर टोल प्लाजा पर खनन विभाग और कांड्रा पुलिस की संयुक्त जांच, दस्तावेज नहीं दिखाने पर हुई कार्रवाई

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला लदे चार हाइवा वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन विभाग और कांड्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पदमपुर टोल प्लाजा के समीप चलाए गए जांच अभियान के दौरान की गई।

जांच के दौरान टीम ने कोयला परिवहन कर रहे कई वाहनों की जांच की। इस क्रम में चार हाइवा वाहनों के चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गई। अधिकारियों के अनुसार संबंधित वाहन चालक वैध परिवहन दस्तावेज, चालान, रॉयल्टी रसीद अथवा अन्य जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

जिन वाहनों को जब्त किया गया उनमें JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 और JH05DE6826 नंबर के हाइवा शामिल हैं। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी वाहनों को जब्त कर कांड्रा थाना परिसर में रखा गया है।

खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वाहन मालिकों तथा संबंधित पक्षों के विरुद्ध खनिज नियमों एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए नियमित जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की सूचना मिले तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Share This Article