भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव की आहट, दिल्ली में अमित शाह-राजनाथ समेत शीर्ष नेताओं की मैराथन बैठक

भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव की आहट, दिल्ली में अमित शाह-राजनाथ समेत शीर्ष नेताओं की मैराथन बैठक

Johar News Times
2 Min Read

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर अहम रणनीतिक बैठक की। चार घंटे से अधिक चली इस बैठक में पार्टी संगठन में संभावित फेरबदल और आगामी संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा हुई। हालांकि बैठक को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष, पार्टी के आरएसएस समन्वयक अरुण कुमार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय विदेश यात्रा पर हैं और उनके लौटने के बाद भाजपा में सरकार और संगठन के स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

नई केंद्रीय टीम पर मंथन, युवा चेहरों को मिल सकती है जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार, जनवरी में भाजपा अध्यक्ष का पद संभालने वाले नितिन नवीन की नई केंद्रीय टीम की घोषणा इसी महीने हो सकती है। नई टीम में वरिष्ठ और युवा नेताओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिल सकता है। साथ ही सरकार में जिम्मेदारी संभाल रहे कुछ नेताओं को संगठन में अहम भूमिका दिए जाने पर भी विचार किया गया है।

दिल्ली भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी
बैठक में दिल्ली भाजपा संगठन को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली इकाई में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी है और वर्तमान पदाधिकारियों में 70 से 80 प्रतिशत तक नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। पार्टी संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जुलाई तक दिल्ली भाजपा की पूरी संगठनात्मक संरचना में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में पार्टी की यह बैठक आगामी संगठनात्मक पुनर्गठन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Share This Article