रांची: राजधानी के मोरहाबादी मैदान में मंगलवार से तीन दिवसीय कृषि-व्यापार मेले का आगाज होगा। 16 से 18 जून तक चलने वाले इस मेले में राज्यभर के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत उपकरणों और नई बाजार संभावनाओं से रूबरू कराया जाएगा।
मेले की तैयारियों का सोमवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री ने स्वयं निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय सचिव अबु बक्कर सिद्दीख, कृषि निदेशक बिद्यानंद शर्मा पंकज, मत्स्य निदेशक अमरेंद्र कुमार, समेति निदेशक विकास कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, स्टॉल और आगंतुकों की सुविधाओं की समीक्षा की गई।
किसानों को मिलेगा विशेषज्ञों से सीधे संवाद का मौका
मंत्री ने कहा कि यह मेला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों, नवाचारों और कृषि व्यवसाय की नई संभावनाओं से जोड़ने का मंच बनेगा। यहां किसान देशभर से आने वाले कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने किसानों, कृषि उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और कृषि स्टार्टअप्स से बड़ी संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की।

तकनीकी सत्रों के साथ होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्र और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कृषि विशेषज्ञ कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर आय के उपायों की जानकारी देंगे। वहीं, हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में झारखंड के सभी 24 जिलों से किसान प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे यहां प्राप्त जानकारी और तकनीकों को अपने क्षेत्रों के अन्य किसानों तक पहुंचा सकें।
