रांची: शादी की सालगिरह मनाने आए जमशेदपुर के दंपती के साथ वारदात, मेन रोड पर कार का शीशा तोड़ गहने और नकदी उड़ाए

"राजधानी में बेखौफ चोर: केक लेने उतरा परिवार, पलक झपकते ही कार का शीशा तोड़ उड़ा ले गए एनिवर्सरी की खुशियां।"

Johar News Times
3 Min Read

राजधानी रांची का सबसे व्यस्त इलाका माना जाने वाला ‘मेन रोड’ अब अपराधियों के लिए मुफीद जगह बनता जा रहा है। यहां के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित भारत बेकरी के पास अपराधियों ने एक कार का शीशा तोड़कर गहने और नकदी से भरा बैग उड़ा लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात उस वीआईपी इलाके में हुई जहां देर रात तक लोगों की भारी आवाजाही रहती है और पुलिस की मौजूदगी का दावा किया जाता है।

जमशेदपुर से एनिवर्सरी मनाने आए थे रांची

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित रोहित गुप्ता जमशेदपुर के निवासी हैं। वे अपनी पत्नी के साथ शादी की सालगिरह का जश्न मनाने के लिए रांची आए थे। एनिवर्सरी का केक खरीदने के लिए उन्होंने अपनी कार को भारत बेकरी के पास पार्क किया, उसे ठीक से लॉक किया और दुकान के अंदर चले गए। लेकिन जब वे केक लेकर महज कुछ ही मिनटों में वापस लौटे, तो कार का पिछला शीशा चकनाचूर था और सीट पर रखा उनकी पत्नी का हैंडबैग गायब था।

बैग में थे सोने के झुमके और कैश

पीड़ित रोहित गुप्ता ने बताया कि चोरी गए हैंडबैग में लगभग ₹5,000 नकद, कीमती दस्तावेज और सोने के गहने रखे हुए थे। खुशी का माहौल पल भर में डर और परेशानी में बदल गया। घटना की तुरंत सूचना लोअर बाजार थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी रमन ने बताया कि पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। डीएसपी ने दावा किया है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस गश्ती और सुरक्षा दावों की खुली पोल

मेन रोड जैसे प्राइम लोकेशन पर सरेआम हुई इस चोरी ने रांची पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि अगर राजधानी के सबसे चालू मार्ग पर भी गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी इतने बेखौफ हैं, तो आम जनता खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगी?

Share This Article