आमडापाडा (पाकुड) आमडापाडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगारसी-आमडापाडा मुख्य सड़क पर मालीपाड़ा ढलान के समीप मंगलवार देर रात बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 से अधिक बाराती घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बारात सुंदरपहाड़ी से लौट रही थी। इसी दौरान मालीपाड़ा गांव के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि बस में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान आलेन मुर्मू (64 वर्ष), पिता– बजार मुर्मू तथा राजेश टुडू (16 वर्ष), पिता– मुंशी टुडू, निवासी परियारदाहा, महेशपुर के रूप में हुई है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अमरापाड़ा थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बस के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
