एमजीएम अस्पताल में बड़ी लापरवाही, आईसीयू ड्यूटी से गायब मिले 15 जूनियर डॉक्टर

एमजीएम अस्पताल में बड़ी लापरवाही, आईसीयू ड्यूटी से गायब मिले 15 जूनियर डॉक्टर

Johar News Times
2 Min Read

अधीक्षक ने जारी किया शोकॉज नोटिस, 24 घंटे में जवाब नहीं देने या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर होगी विभागीय कार्रवाई,

जमशेदपुर : महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ड्यूटी के दौरान लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में तैनात 15 जूनियर रेजिडेंट (नॉन-एकेडमिक) डॉक्टर निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने सभी डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार संबंधित डॉक्टरों की ड्यूटी आईसीयू की द्वितीय और तृतीय पाली में निर्धारित थी, लेकिन जांच के दौरान वे अपने कार्यस्थल पर मौजूद नहीं मिले। प्रशासन ने इसे मरीजों के उपचार और अस्पताल की व्यवस्था के प्रति गंभीर लापरवाही माना है।

अधीक्षक ने अपने आदेश में कहा है कि आईसीयू अस्पताल का सबसे संवेदनशील विभाग है, जहां गंभीर मरीजों की लगातार चिकित्सकीय निगरानी आवश्यक होती है। ऐसे में ड्यूटी से अनुपस्थित रहना मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। जिन डॉक्टरों को नोटिस जारी किया गया है उनमें सुमित कुमार, गोपाल सिंह, प्रमोद कुमार, स्नेहल सुमन, प्रदीप कुमार, प्रवीण कुमार, प्रियंका कुमारी, अली अहलाब, अर्पण सौरभ टोपनो, रजनीश, शशि रंजन, अरविंद कुमार रवि, अमित कुमार, आकाश और रितु रानी हांसदा शामिल हैं।

सभी डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे विभागाध्यक्ष की टिप्पणी के साथ 24 घंटे के भीतर अपना लिखित जवाब अधीक्षक कार्यालय में जमा करें। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जारी पत्र की प्रतिलिपि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, संबंधित विभागाध्यक्षों और सभी संबंधित जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को भी भेजी गई है। अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं।

Share This Article