बिहार MLC चुनाव में BJP का बड़ा दांव: भोजपुरी स्टार पवन सिंह को टिकट, संजय मयूख पर फिर जताया भरोसा

बिहार MLC चुनाव में BJP का बड़ा दांव: भोजपुरी स्टार पवन सिंह को टिकट, संजय मयूख पर फिर जताया भरोसा

Johar News Times
3 Min Read

विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, 18 जून को होगा मतदान,

पटना : बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने इस बार भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह को मैदान में उतारकर बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। इसके साथ ही वर्तमान एमएलसी संजय मयूख को दोबारा उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने उन पर फिर भरोसा जताया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने शुक्रवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की। सूची में पवन सिंह और संजय मयूख के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर और शीला प्रजापति के नाम भी शामिल हैं।

पवन सिंह की बढ़ेगी राजनीतिक भूमिका

एमएलसी उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पवन सिंह की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके थे। बाद में उन्होंने भाजपा में वापसी की और अब पार्टी ने उन्हें विधान परिषद भेजने का फैसला किया है। इससे पहले उनके नाम की चर्चा राज्यसभा चुनाव के दौरान भी हुई थी।

संजय मयूख को फिर मिला मौका
वर्तमान एमएलसी संजय मयूख का कार्यकाल इसी महीने समाप्त हो रहा है। पार्टी ने उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाकर उनके अनुभव पर भरोसा जताया है। राजनीतिक गलियारों में उनका नाम बांकीपुर विधानसभा सीट के संभावित उपचुनाव उम्मीदवारों में भी चर्चा में था, लेकिन भाजपा ने उन्हें फिर से विधान परिषद भेजने का निर्णय लिया।

8 जून तक नामांकन, 18 जून को मतदान
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार बिहार विधान परिषद की नौ सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। विजयी प्रत्याशी अगले छह वर्षों तक विधान परिषद के सदस्य रहेंगे।

NDA की 8 सीटों पर मजबूत पकड़
बिहार विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए एनडीए की नौ में से आठ सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। विधानसभा में एनडीए के 201 विधायक हैं और एक उम्मीदवार की जीत के लिए लगभग 25 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी। वहीं विपक्षी महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं, जिसके चलते एक सीट उनके खाते में जाती दिखाई दे रही है।

एक सीट पर होगा उपचुनाव

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद खाली हुई विधान परिषद सीट पर भी उपचुनाव कराया जाएगा। इस सीट का कार्यकाल वर्ष 2030 तक शेष है। जेडीयू ने इस सीट से ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है।

Share This Article