सेमीफाइनल में भारत की 5-3 से शानदार जीत, अब खिताब के लिए जापान से होगा मुकाबला,
नई दिल्ली : भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। रोमांचक मुकाबले में भारत के स्टार खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति ने चार गोल दागकर जीत के नायक बने। आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए पाकिस्तान के हाथों से मैच छीन लिया।
भारत ने 12वें मिनट में बढ़त बनाई, जब आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान के अदील ने 27वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया और हाफ टाइम तक मुकाबला बराबरी पर रहा। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। भारत की ओर से 35वें मिनट में शाहरुख अली ने गोल कर बढ़त दिलाई, लेकिन पाकिस्तान ने तुरंत जवाब देते हुए फरहान असलम के गोल से स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद उजैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर पाकिस्तान को 3-2 की बढ़त दिला दी।
आखिरी क्वार्टर में आशीष का जलवा
चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 49वें मिनट में आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद 53वें मिनट में उन्होंने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-3 की बढ़त दिलाई। 56वें मिनट में एक और गोल दागकर आशीष ने मैच में अपना चौथा गोल पूरा किया और भारत की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। आखिरी मिनटों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला 5-3 से अपने नाम कर लिया।
अब जापान से खिताबी भिड़ंत
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। अब भारतीय टीम का सामना जापान से होगा। खिताबी मुकाबला 6 जून को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। भारतीय प्रशंसकों की उम्मीदें अब फाइनल पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया एशिया कप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
