टाटीसिलवे क्षेत्र के स्वर्णरेखा सूर्य मंदिर परिसर में बुधवार से सात दिवसीय श्री रामकथा का शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मंदिर परिसर भक्ति एवं आस्था के वातावरण से भर गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन खटंगा पंचायत के मुखिया अनिल लिंडा ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कथा का विधिवत आरंभ हुआ। शाम साढ़े छह बजे कथावाचक आचार्य श्री राधे राधे जी महाराज अपनी मंडली के साथ व्यासपीठ पर विराजमान हुए और भगवान श्रीराम के चरित्र तथा आदर्शों का वर्णन किया।
आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से प्रतिदिन समय पर पहुंचकर कथा श्रवण करने और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है। कथा का आयोजन 9 जून तक जारी रहेगा।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
