रामगढ़ में डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य व आधारभूत विकास योजनाओं पर मंथन

रामगढ़ में डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य व आधारभूत विकास योजनाओं पर मंथन

Johar News Times
2 Min Read

रामगढ़ जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) न्यास परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और मांडू विधायक निर्मल महतो सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। पंचायत प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

डीएमएफटी के तहत स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, इको-टूरिज्म, जलापूर्ति, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन और भौतिक आधारभूत संरचना से जुड़ी संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई। विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रबंधकीय समिति द्वारा पूर्व में अनुमोदित योजनाओं को न्यास परिषद से स्वीकृति देने पर भी विचार किया गया। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं पर सुझाव रखे, जबकि पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी आवश्यकताओं को बैठक के समक्ष रखा। इस दौरान उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article