आज रात दिखेगा ‘ब्लू माइक्रो मून’, वर्ष 2026 का सबसे छोटा पूर्ण चंद्रमा; खगोल प्रेमियों के लिए खास मौका

आज रात दिखेगा ‘ब्लू माइक्रो मून’, वर्ष 2026 का सबसे छोटा पूर्ण चंद्रमा; खगोल प्रेमियों के लिए खास मौका

Johar News Times
3 Min Read

खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए आज की रात बेहद खास रहने वाली है। आकाश में एक दुर्लभ खगोलीय घटना देखने को मिलेगी, जब पूर्णिमा का चंद्रमा ‘ब्लू माइक्रो मून’ के रूप में नजर आएगा। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह वर्ष 2026 का सबसे छोटा पूर्ण चंद्रमा होगा। हालांकि इसका नाम भले ही ‘ब्लू’ है, लेकिन चंद्रमा का रंग नीला नहीं दिखाई देगा।

क्या है ब्लू माइक्रो मून?

‘ब्लू मून’ और ‘माइक्रो मून’ दो अलग-अलग खगोलीय घटनाएं हैं। जब किसी एक कैलेंडर महीने में दो बार पूर्णिमा होती है, तो दूसरी पूर्णिमा को ब्लू मून कहा जाता है। इस बार मई 2026 में 1 मई को पहली पूर्णिमा थी और 31 मई को दूसरी पूर्णिमा पड़ रही है, इसलिए इसे ब्लू मून कहा जा रहा है। वहीं, जब पूर्णिमा का चंद्रमा पृथ्वी से अपने सबसे दूर बिंदु (अपोजी) के आसपास होता है, तो वह सामान्य से छोटा दिखाई देता है, जिसे माइक्रो मून कहा जाता है।

क्यों छोटा और कम चमकीला दिखेगा चंद्रमा?
विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार चंद्रमा पृथ्वी से लगभग 4.06 लाख किलोमीटर दूर रहेगा। इसी कारण यह सामान्य पूर्णिमा की तुलना में करीब 5 से 7 प्रतिशत छोटा और लगभग 10 प्रतिशत कम चमकीला दिखाई देगा। हालांकि यह अंतर आम आंखों से बहुत स्पष्ट नहीं होगा।

नीला क्यों नहीं होता चंद्रमा?

‘ब्लू मून’ नाम का चंद्रमा के रंग से कोई संबंध नहीं है। यह केवल एक खगोलीय परिभाषा है। सामान्य परिस्थितियों में चंद्रमा सफेद या हल्के पीले रंग का ही दिखाई देता है।

वृश्चिक राशि और एंटारेस तारे के साथ दिखेगा अद्भुत नजारा

इस बार पूर्णिमा चंद्रमा वृश्चिक राशि के क्षेत्र में दिखाई देगा। साथ ही यह रात आकाश के चमकीले लाल तारे एंटारेस के बेहद करीब नजर आएगा। साफ मौसम में यह दृश्य बिना किसी दूरबीन के भी देखा जा सकता है।

कैसे देखें यह खगोलीय घटना?

  • सूर्यास्त के बाद पूर्व दिशा में चंद्रमा को देखें
  • खुले और कम प्रकाश प्रदूषण वाले स्थान का चयन करें
  • दूरबीन से देखने पर चंद्रमा का दृश्य और अधिक स्पष्ट होगा
  • एंटारेस तारे के साथ इसकी निकटता आसानी से देखी जा सकेगी

खगोलविदों के अनुसार, यह दृश्य रातभर आकाश प्रेमियों को आकर्षित करता रहेगा और एक दुर्लभ अनुभव प्रदान करेगा।

Share This Article