जमशेदपुर के साकची स्थित होटल अशोका इन में कार्यरत एक रसोईये की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी 35 वर्षीय अप्पू प्रमाणिक के रूप में हुई है। शनिवार सुबह होटल के बाथरूम में उनका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अप्पू प्रमाणिक सुबह बाथरूम गए थे, जहां वे अचानक गिर पड़े। कुछ देर बाद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें बेसुध अवस्था में देखा और होटल प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। होटल कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि अप्पू पिछले कुछ समय से पीलिया (जॉन्डिस) से पीड़ित थे और उनका इलाज भी चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
साकची थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अब तक किसी तरह की आपराधिक साजिश या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन जमशेदपुर पहुंचे। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर मेदिनीपुर रवाना हो गए।
