चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र स्थित खेड़ियाटांगर गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना में एक पिता ने अपनी छह वर्षीय बेटी की कथित रूप से डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खेड़ियाटांगर निवासी लालसिंह पूर्ति ने रात करीब आठ बजे घर में सो रही अपनी सबसे छोटी बेटी सोनिया पूर्ति पर अचानक डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि लालसिंह के पांच बच्चे हैं और सोनिया सबसे छोटी थी। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पिछले कुछ दिनों से बीमार था और नियमित रूप से दवा नहीं ले रहा था। घटना के बाद उसने अपनी पत्नी पर भी हमला करने का प्रयास किया तथा गांव के लोगों को डंडा लेकर दौड़ाने लगा।
आरोपी के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए ग्रामीणों ने उसे पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
