सारंडा में आंधी का असर बरकरार, ट्रांसफार्मर जलने से दो दिन से अंधेरे में घाटकुरी गांव

पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा वन क्षेत्र में दो दिन पहले आई तेज आंधी और तूफान का असर अब भी बना हुआ है।

Johar News Times
2 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा वन क्षेत्र में दो दिन पहले आई तेज आंधी और तूफान का असर अब भी बना हुआ है। गंगदा पंचायत के घाटकुरी गांव के पपरीहातु टोला में बिजली ट्रांसफार्मर पोल सहित गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दर्जनों परिवार पिछले दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के अनुसार आंधी के दौरान ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरकर जल गया, जिसके बाद पूरे टोला की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं।

बिजली बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। मोटर-पंप बंद होने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। मोबाइल चार्ज नहीं होने और रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं रहने से परीक्षा की तैयारी में बाधा आ रही है। जंगल से सटे इलाके में अंधेरा छाए रहने के कारण सांप, बिच्छू और जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीण रात के समय भय के माहौल में रहने को विवश हैं।

पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर चाम्पिया ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई है। साथ ही बीडीओ से भी जल्द हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों ने शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

Share This Article