रांची : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 23 पदों के लिए हुई चुनाव प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। मतगणना पूरी होने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ ने निर्वाचित उम्मीदवारों के नामों की सूची अधिसूचना जारी करने के लिए विधि विभाग को भेज दी है। संभावना जताई जा रही है कि अगले सप्ताह तक विजयी उम्मीदवारों की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
बार काउंसिल नियमावली के अनुसार अधिसूचना जारी होने के बाद ही चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण माना जाएगा। हालांकि इस बार चुनाव परिणाम की प्रक्रिया एक प्रत्याशी की उम्मीदवारी रद्द होने के कारण कुछ समय के लिए अटक गई थी। जानकारी के अनुसार, उम्मीदवार महेश तिवारी को एक महिला अधिवक्ता से दुर्व्यवहार के मामले में अदालत द्वारा दो वर्ष की सजा सुनाई गई थी। यह फैसला मतगणना के दौरान सामने आया। खास बात यह रही कि महेश तिवारी ने जीत के लिए आवश्यक मत भी हासिल कर लिए थे, लेकिन सजा की जानकारी मिलने के बाद संबंधित महिला अधिवक्ता ने बार काउंसिल में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ ने महेश तिवारी की उम्मीदवारी निरस्त कर दी और उनके स्थान पर प्रयाग महतो को निर्वाचित घोषित किया। इस फैसले के खिलाफ महेश तिवारी ने उच्च स्तरीय समिति में याचिका दायर की थी। उच्च स्तरीय समिति ने मामले की सुनवाई के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्णय को सही ठहराया और चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। इसके बाद अब 23 निर्वाचित उम्मीदवारों के नाम अधिसूचना के लिए विधि विभाग को भेज दिए गए हैं।
अधिसूचना जारी होने के बाद झारखंड स्टेट बार काउंसिल की ओर से सभी जिला बार संघों को निर्वाचित सदस्यों की सूची भेजी जाएगी। गौरतलब है कि इस बार बार काउंसिल चुनाव में पांच पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा दो महिला सदस्यों का चयन मनोनयन के आधार पर किया जाना है। इसे महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
