जमशेदपुर : टाटा स्टील कर्मचारियों के वेज रिवीजन को लेकर जारी चर्चाओं के बीच शुक्रवार 29 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन की अहम कमेटी मीटिंग होने जा रही है। बैठक को लेकर यूनियन राजनीति गर्म हो गई है और हंगामे की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कई कमेटी मेंबर मौजूदा वेज रिवीजन वार्ता को लेकर यूनियन नेतृत्व के रवैये से नाराज हैं। खासकर एनएस ग्रेड कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और डीए पर प्रबंधन के रुख के बाद कमेटी मेंबरों ने यूनियन के शीर्ष नेतृत्व को घेरने की तैयारी कर ली है।
कमेटी मेंबरों का कहना है कि बैठक की शुरुआत में यूनियन पदाधिकारी पहले खुद वेज रिवीजन वार्ता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें। इसके बाद ही कमेटी मेंबरों से राय ली जाए। इस मांग को लेकर यूनियन के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में लगातार दबाव बनाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बैठक में अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह से सीधे सवाल पूछे जा सकते हैं। कई सदस्य यह जानना चाहते हैं कि प्रबंधन के साथ हुई हालिया बातचीत में कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए क्या रुख अपनाया गया।
इधर, यूनियन के पूर्व पदाधिकारी आरसी झा ने भी बैठक में पहला सवाल पूछने का अधिकार देने की मांग करते हुए औपचारिक आवेदन दिया है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि बैठक में वेज रिवीजन समझौते को लेकर तीखी बहस हो सकती है। कर्मचारियों और यूनियन सदस्यों की नजर अब इस बैठक पर टिकी है, क्योंकि आने वाले वेज रिवीजन समझौते की दिशा काफी हद तक इसी बैठक की चर्चा और फैसलों से तय हो सकती है।
