पलामू में अनियंत्रित कार घर में घुसी, बाहर सो रहे व्यक्ति की मौत, चिकित्सा प्रभारी घायल

पलामू में अनियंत्रित कार घर में घुसी, बाहर सो रहे व्यक्ति की मौत, चिकित्सा प्रभारी घायल

Johar News Times
2 Min Read

पलामू : जिले के पाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सगुना-बैरिया मुख्य मार्ग पर सिक्की कला गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार कार से मेदिनीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी। हादसे के समय घर के बाहर सो रहे विनोद सिंह (करीब 52 वर्ष) वाहन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण विनोद सिंह घर के बाहर सो रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में घायल डॉ. मिथिलेश कुमार को गंभीर हालत में मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि महिंद्रा मोड़ के पास कुछ अज्ञात लोग वाहन को रोकने की कोशिश कर रहे थे, जिसके कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।

मृतक विनोद सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों ने शव को उठाने नहीं दिया था और मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे।

Share This Article