Dhanbad News: कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर देर रात फायरिंग, तीन लोगों को लगी गोली

Dhanbad News: कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर देर रात फायरिंग, तीन लोगों को लगी गोली

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद के कैलूडीह मैदान के पास बुधवार देर रात कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। अंधाधुंध फायरिंग में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घायलों में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मो. तौसिफ के कंधे में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया। वहीं नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी है। उसका इलाज निचितपुर स्थित एक क्लिनिक में चल रहा है। तीसरे घायल का भी इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम आलम समेत कई थानों और ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग छाताबाद मैदान की ओर से आए और कैलूडीह मस्जिद भवन के पास अंधाधुंध फायरिंग करते हुए भागने लगे। इस दौरान दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गोलीबारी में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article