झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों के हजारों खाली पड़े पदों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और इन्हें जल्द से जल्द भरने की मांग की।
नियमित शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित: दिनेशानंद गोस्वामी
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में बड़ी संख्या में प्रोफेसर्स और शिक्षकों के पद खाली हैं। इसका सीधा नुकसान झारखंड के छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा:
“नियमित शिक्षकों की भारी कमी के कारण कई कॉलेजों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। इससे न सिर्फ छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि राज्य का शैक्षणिक माहौल भी बिगड़ रहा है।”
राज्यपाल ने दिया सकारात्मक पहल का भरोसा
डॉ. गोस्वामी ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे कुलाधिपति के नाते राज्य सरकार को इस दिशा में आवश्यक निर्देश दें, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और उच्च शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके। भाजपा नेता ने बताया कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस संवेदनशील मुद्दे को बेहद गंभीरता से सुना है और झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया है।
