झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। विधानसभा में पर्याप्त संख्या नहीं होने के बावजूद भारतिया जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी इस बार किसी प्रमुख आदिवासी चेहरे को राज्यसभा भेजने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके पीछे बड़ी वजह यह मानी जा रही है कि फिलहाल झारखंड से लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा का कोई भी आदिवासी सांसद नहीं है।
वर्तमान में झारखंड से भाजपा के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, अदित्य प्रसाद साहू और प्रदीप वर्मा हैं। इनमें दीपक प्रकाश का कार्यकाल अगले महीने समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में उनकी जगह किसी आदिवासी नेता को उम्मीदवार बनाने पर गंभीर चर्चा चल रही है।
अर्जुन मुंडा समेत कई आदिवासी नेताओं के नाम चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी कई आदिवासी चेहरों के नाम पर विचार कर रही है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है। इसके अलावा रांची की पूर्व मेयर आशा लाकरा और आईआरएस अधिकारी निशा उरांव के नाम पर भी मंथन चल रहा है।
भाजपा के अंदर जिन अन्य नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें:
- समीर उरांव
- अरुण उरांव
भी शामिल हैं। समीर उरांव पहले भी राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं।
दिल्ली से रांची तक बैठकों का दौर
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में आयोजित आदिवासी राष्ट्रीय समागम के बाद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के बीच इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद रांची में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अदित्य साहु, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने के लिए अधिकृत किया गया है।
झामुमो ने भाजपा की रणनीति पर उठाए सवाल
इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा की रणनीति पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग को पत्र भेजा है। पार्टी ने आशंका जताई है कि भाजपा राज्यसभा चुनाव में धनबल और अनैतिक दबाव का इस्तेमाल कर सकती है। झामुमो ने अपने पत्र में कहा है कि 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन है, जबकि भाजपा के पास केवल 21 विधायक हैं। इसके बावजूद भाजपा उम्मीदवार उतार रही है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
