जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती में मंगलवार रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 8:15 बजे ब्लॉक-ए, लाइन नंबर-04 में हुई।
पुलिस को दी शिकायत में अमन सिंह ने बताया कि वह अपने छोटे भाई विक्की सिंह को नशे और गलत संगत से दूर रखने की कोशिश कर रहा था। उसका आरोप है कि विक्की की दोस्ती इलाके के ही वीर सिंह उर्फ पंडित से थी, जो कथित तौर पर नशे और आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। अमन के अनुसार, 25 मई को इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया था, जब वीर सिंह ने विक्की सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी।
घर के बाहर पहुंचकर की फायरिंग
शिकायत के मुताबिक, मंगलवार शाम वीर सिंह उर्फ पंडित बाइक से अमन सिंह के घर पहुंचा। उस समय अमन की मां राज कौर घर के बाहर बैठी थीं। आरोप है कि वीर सिंह ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।
फायरिंग के बाद आरोपी फरार
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागते समय आरोपी ने अमन सिंह को धमकी भी दी। घटना के बाद अमन सिंह ने गोलमुरी थाना पहुंचकर परिवार और संपत्ति की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और नशे से जुड़े विवादों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
